बच्चों की ऊर्जा और साहस को मिला सम्मान, ओम फिटनेस योग संस्थान ने भेंट किया बैटरी चार्जर।

गोरखपुर। ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा योग के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास करने वाले एक बाल योग साधक ओम को प्रोत्साहित करने हेतु बैटरी चार्जर भेंट कर सम्मानित किया गया- योगी धर्मेश्वर 

लगभग 11 माह पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर नौका विहार स्थित कार्यक्रम में बालक अपने माता-पिता के साथ उपस्थित हुआ था। वहीं से परिवार का जुड़ाव योगी धर्मेश्वर जी के योग अभियान से प्रारंभ हुआ। माता-पिता प्रतिदिन अमृतवेला में नौका विहार महानिदेशक पार्क पहुंचकर योगाभ्यास करने लगे। प्रारंभ में बालक केवल उनके साथ आता था, किंतु योग में भाग नहीं लेता था धीरे-धीरे गुरुजी की प्रेरणा, सकारात्मक वातावरण एवं नियमित उपस्थिति के कारण उसके भीतर योग के प्रति रुचि जागृत हुई। लगभग छह माह बाद उसने नियमित रूप से योगाभ्यास प्रारंभ किया और आज वह कठिन से कठिन योगासनों का अभ्यास कर सभी को आश्चर्यचकित कर रहा है। विशेष बात यह है कि वह प्रतिदिन लगभग 5 से 6 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर योग प्रशिक्षण के लिए पहुंचता है। उसकी लगन, अनुशासन और समर्पण को देखकर योगी धर्मेश्वर जी अत्यंत प्रभावित हुए। बालक की योग यात्रा को और सुगम बनाने के उद्देश्य से संस्थान से जुड़ी कुछ नारी शक्तियों के गुप्त सहयोग से उसे आवागमन हेतु बैटरी चार्जर भेंट किया गया। इस अवसर पर योगी धर्मेश्वर जी ने कहा कि ऐसे बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें सही दिशा, संस्कार और प्रोत्साहन मिले तो वे न केवल अपने परिवार और शहर का नाम रोशन करेंगे, बल्कि विश्व पटल पर भी भारत की योग परंपरा का गौरव बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हर घर तक योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा की जागरूकता पहुंचाना है। आज के बच्चों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आने वाले वर्षों में यही बच्चे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। योगी धर्मेश्वर जी ने विशेष रूप से उन मातृशक्तियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने बिना किसी प्रचार-प्रसार के गुप्त रूप से आर्थिक सहयोग देकर इस सेवा कार्य को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे संवेदनशील एवं सहयोगी लोगों की आवश्यकता है, जो अपने संसाधनों का उपयोग किसी जरूरतमंद को आगे बढ़ाने और उसकी दशा बदलने में करें। कार्यक्रम के अंत में बालक एवं उसके परिवार ने संस्थान और सहयोगी नारी शक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा समाज के अन्य बच्चों को भी योग से जुड़ने का संदेश दिया। ओम फिटनेस योग संस्थान ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी प्रतिभाशाली एवं समर्पित बच्चों को प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post