**गोरखपुर की पावन भूमि पर गुप्त नवरात्रि में माता बगलामुखी महायज्ञ का दिव्य आयोजन, 19 से 27 जनवरी तक अनवरत अखंड हवन।

कार्यक्रम की भव्य झलकियां

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।गुप्त नवरात्रि के पावन एवं रहस्यमय पर्व पर गोरखपुर की पुण्यभूमि एक बार पुनः आध्यात्मिक ऊर्जा, साधना और भक्तिरस से सराबोर हो उठी। जूही एनक्लेव, सिक्टौर चौराहा स्थित दिव्य पीतांबरा फाउंडेशन परिसर में श्री राजराजेश्वरी भगवती माता बगलामुखी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ 19 जनवरी 2026 से वैदिक एवं तांत्रिक विधि-विधान के साथ किया गया, जो 27 जनवरी 2026 तक अनवरत अखंड हवन के साथ संपन्न हुआ।

महायज्ञ का आयोजन शास्त्रसम्मत वैदिक एवं तांत्रिक परंपराओं के अनुरूप किया गया, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे 21 से अधिक विद्वान आचार्य एवं ब्राह्मणों द्वारा वेद-मंत्रों के गूढ़ उच्चारण के साथ हवन, पूजन, जप एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इस दौरान माता बगलामुखी की विशेष साधना कर समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की भावना के साथ आहुतियां अर्पित की गईं।

आचार्यों के अनुसार माता बगलामुखी की साधना शत्रु बाधा निवारण, कोर्ट-कचहरी में विजय, व्यापारिक संकटों से मुक्ति, मानसिक अशांति से राहत तथा जीवन में स्थिरता एवं सकारात्मकता प्रदान करने वाली मानी जाती है। इसी उद्देश्य से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक एवं गृहस्थजन महायज्ञ में सम्मिलित होकर माता के चरणों में आस्था अर्पित करते नजर आए।

अष्टमी पर हुई विशेष तांत्रिक साधना

गुप्त नवरात्रि की अष्टमी तिथि को विशेष तांत्रिक साधना का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर माता बगलामुखी का अष्ट सामग्री से विशेष अर्चन, विधिवत तांत्रिक पूजन एवं महाहवन संपन्न हुआ। मान्यता है कि अष्टमी की तांत्रिक साधना में माता शीघ्र प्रसन्न होकर साधकों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इस विशेष अनुष्ठान में बड़ी संख्या में साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

प्रतिदिन चलता रहा धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायं पूजन, हवन, मंत्र-जाप, विशेष साधनाएं तथा भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। दूर-दराज से आए श्रद्धालु माता बगलामुखी के दरबार में शीश नवाकर अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं के समाधान हेतु प्रार्थना करते दिखाई दिए। आयोजन स्थल पर चारों ओर “जय मां बगलामुखी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

माता के दरबार में मनाया गया कुणाल तिवारी का जन्मदिन

महायज्ञ के पावन अवसर पर संस्था के लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल तिवारी का जन्मदिन माता बगलामुखी के दिव्य दरबार में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माता की विशेष आरती की गई तथा उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सामाजिक सेवा कार्यों में सफलता की कामना की गई। श्रद्धालुओं एवं आयोजकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

अष्टमी के प्रमुख यजमान

अष्टमी तिथि के अवसर पर प्रमुख यजमानों के रूप में राहुल सिंह, प्रियंका सिंह, कृष्ण सिंह, अभिषेक राव, अमर पांडे, प्रेम सिंह, विराट पांडे, राजन श्रीवास्तव, सीमा श्रीवास्तव, सुनिधि सिंह, कुणाल तिवारी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने महाहवन में सहभागिता कर माता बगलामुखी से विश्व कल्याण की कामना की।

🔔 महायज्ञ की पूर्णाहुति 27 जनवरी 2026 को अपराह्न 2:15 बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्णाहुति हवन के साथ संपन्न हुई।

दुर्गेश मिश्र संवाददाता गोरखपुर

🚩🚩

Post a Comment

Previous Post Next Post