लोगो के स्वास्थ्य के लिए अनोखा प्रयास कर रहा ओम फिटनेस योग संस्थान- डॉ सत्या पांडे
कार्यक्रम की अन्य झलकियांगोरखपुर।ओम फिटनेस योग संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगाचार्य योगी धर्मेश्वर जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य मेला के दूसरे दिन अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। शिविर में 160 से अधिक लोगों ने पहुंचकर विभिन्न प्राकृतिक, आयुर्वेदिक एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ उठाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडे जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय उद्यान विभाग मोहद्दीपुर के अधीक्षक श्री पारसनाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आगमन से शिविर में विशेष ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. सत्या पांडे जी ने शिविर में चल रही थेरेपी एवं उपचार पद्धतियों का अवलोकन करते हुए योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों को दवाइयों पर निर्भरता कम करने के लिए ऐसी पारंपरिक एवं प्राकृतिक पद्धतियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को महीने में कम से कम एक बार इस प्रकार की चिकित्सा अवश्य करनी चाहिए, जिससे शरीर स्वस्थ एवं निरोग रह सके।
विशिष्ट अतिथि श्री पारसनाथ जी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी प्रयास समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में ऐसी चिकित्सा पद्धतियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें।शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा के अंतर्गत कांस्य चिकित्सा, विभिन्न प्रकार के आयुर्वेदिक काढ़े, जड़ी-बूटी आधारित उपचार, योग अभ्यास, डिटॉक्स थेरेपी एवं अन्य वैकल्पिक उपचार विधियों के माध्यम से लोगों का उपचार किया गया। इन पद्धतियों के माध्यम से शरीर की आंतरिक शुद्धि, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि एवं दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने पर विशेष बल दिया गया।
आयोजकों द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य मेला का अंतिम दिन कल शेष है, जिसमें 200 से अधिक लोगों के प्रतिभाग करने की संभावना है। समस्त नगरवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं और अपने जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं रोगमुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। इस आयोजन में ओम फिटनेस योग संस्थान के सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके अथक प्रयासों से यह शिविर सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।

