बचपन से पचपन में तिरंगा हाथ में लेकर जागरूकता का संदेश दे रहे फिटनेस योग साधक- योगाचार्य धर्मेश्वर उर्फ धर्मेंद्र प्रजापति।

 

       साधकों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा का दृश्य

                    तिरंगा यात्रा की अन्य झलकियां

गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा आज गोरखपुर नगर निगम के प्रांगण में योगाभ्यास के साथ तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई योगाचार्य धर्मेश्वर उर्फ धर्मेंद्र प्रजापति नें  अपनी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अवगत कराया कि रैली के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में फिटनेस योग साधक योगी धर्मेश्वर ने तिरंगा हाथ में लेकर जागरूकता रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल बच्चों और युवाओं के हाथ में ही नहीं, बल्कि बचपन से लेकर पचपन वर्ष और उससे अधिक उम्र तक हर नागरिक के हाथ में होना चाहिए। तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसे हाथ में लेकर चलना प्रत्येक भारतीय के भीतर देशभक्ति, गर्व और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करता है।

योगी धर्मेश्वर ने कहा कि बचपन में जब स्कूल और विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान हाथ में तिरंगा लेकर चलते थे, तो मन में एक अलग ही उत्साह और उमंग पैदा होती थी। आज उसी बचपन की याद को फिर से जीवंत करते हुए बच्चों के साथ बड़ों ने भी तिरंगा हाथ में लेकर रैली में भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारत खंड-खंड में नहीं, बल्कि अखंडता और एकता में विश्वास रखने वाला राष्ट्र है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह संदेश हर नागरिक तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त को प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें। रैली के दौरान लोगों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला। प्रतिभागियों ने तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रप्रेम एवं देश की एकता का संदेश दिया। कई लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन के बाद लंबे समय के पश्चात फिर से तिरंगा हाथ में लेकर चलने का अवसर मिला, जिससे पुरानी यादें ताजा हो गईं और मन में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर रंजन गौड़, संजय गौड़, रामनरेश, सरिता, प्रतिमा, शीला पाल, गीता, मीनू सहित अनेक योग साधक एवं नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। ओम फिटनेस योग संस्थान ने सभी नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस को केवल एक उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, सम्मान और जिम्मेदारी के संकल्प दिवस के रूप में मनाएं तथा अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post