सर्व श्री आशुतोष महाराज जी की कृपा वर्षा
*प्रश्न - भगवान अपने भक्तों के हृदय में कैसे निवास करते हैं ? *
*उत्तर - *
भगवान अपने भक्तों से इतना प्रेम करते हैं कि वे अपने भक्तों को कभी अकेला नहीं छोड़ते। जो भक्त भाव से, कुभाव से, आलस्य से, किसी भी भाव से भगवान के नाम का संकीर्तन करते हैं, उनका सदैव भगवान कल्याण करते हैं।
भावँ कुभावँ अनख आलसहूँ,
नाम जपत मंगल दिसि दसहूँ।
अर्थात् - भगवान का नाम चाहे प्रेम से लिया जाए, चाहे क्रोध से, चाहे आलस्य से, चाहे किसी भी भाव से लिया जाए, वह दसों दिशाओं में मंगल ही करता है। भगवान के नाम में इतनी शक्ति है कि वह जीव के सारे पापों को नष्ट करके उसका उद्धार कर देता है।
भगवान ऐसे भक्तों के हृदय में सदैव विद्यमान रहते हैं, जो अनवरत भगवान के चरण-कमल का ध्यान करते रहते हैं। जो भक्त हर समय भगवान के चरणों का स्मरण करता है, भगवान उसके हृदय को ही अपना मंदिर बना लेते हैं।
भगवान का निवास केवल वैकुण्ठ में ही नहीं है, और न ही केवल योगियों के हृदय में है। बल्कि उनके भक्त जहाँ भी बैठकर भगवान के गुणों का संकीर्तन करते हैं, भगवान वहाँ स्वयं प्रकट होकर विराजमान हो जाते हैं।
स्वयं भगवान नारद जी से कहते हैं -
नाहं वसामि वैकुण्ठे योगिनाम् हृदये न वा।
मद्भक्ताः यत्र गायन्ति तत्र तिष्ठामि नारद।।
अर्थात् - हे नारद ! मैं न तो वैकुण्ठ में निवास करता हूँ, और न ही योगियों के हृदय में। मेरे भक्त जहाँ मेरा गुणगान करते हैं, मैं वहीं निवास करता हूँ।
भक्तों के हृदय में निवास करके भगवान उनके अज्ञान को दूर करते हैं और अपने चरण-कमल की निष्काम भक्ति प्रदान करते हैं। जहाँ भगवान का नाम होता है, वहाँ अज्ञान, दुःख और भय ठहर ही नहीं सकते।
जिस प्रकार भोजन से प्रत्येक जीव को तुष्टि, पुष्टि और क्षुधा से निवृत्ति होती है, उसी प्रकार से भक्त भगवान के भजन से प्रत्येक क्षण भगवान के प्रति प्रेम स्वरूप का अनुभव करता है और संसार के प्रति वैराग्य भाव को प्राप्त होता है।
जैसे भोजन करते ही भूख मिट जाती है, शरीर को शक्ति मिलती है और तृप्ति मिलती है, वैसे ही भगवान का भजन करते ही भक्त को शांति मिलती है, भक्ति की पुष्टि होती है और संसार की भूख मिट जाती है।
अंत में भक्त भगवान के आनन्द से आनन्दित होकर स्वयं भागवत हो जाता है। अर्थात् भक्त का हृदय ही भागवत बन जाता है, उसका जीवन ही भागवत बन जाता है।
कुछ ना समझ लोग कहते हैं कि भगवान केवल भारतवर्ष में ही क्यों अवतार लेते हैं?
उत्तर-क्योंकि विश्व भर में भारत देश कर्म भूमि है और बाकी देश भोग भूमि है। भगवान कभी भोग भूमि को नहीं कर्मभूमि को चुनते हैं जहां से हर जीवो का कल्याण हो सके।
इसीलिए कहा गया है - जहाँ भक्त हैं, वहीं भगवान हैं। जहां बादल है वही बारिश होगी।
ॐ श्री आशुतोषाय नमः
श्री सियाबिहारी जी ✍️
नोट:- लेख का उद्देश्य किसी को हानि अथवा ठेस पहुंचाना नहीं है।लेख, लेखक के अपने विचार या उनके द्वारा संकलित है इसमें प्रकाशक की सहमति आवश्यक नहीं है।
