मां बाप की पूजा का हृदयस्पर्शी दृश्य
“इस धरा पर यदि कोई बाप प्रत्यक्ष भगवान है, तो वह माता–पिता हैं” — योगी धर्मेश्वर
कार्यक्रम की अन्य झलकियांगोरखपुर में पिछले 7 वर्षों से निरंतर निःशुल्क योग कक्षाएँ संचालित कर रहे ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा विभिन्न पार्कों में माता–पिता पूजन दिवस श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः योगाभ्यास के पश्चात उपस्थित साधकों ने अपने माता–पिता के रूप में आए अभिभावकों का विधिवत पूजन–अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर संस्थान के संयोजक योगी धर्मेश्वर ने कहा कि “मैं न कोई बड़ा गुरु हूँ और न ही कोई अहंकार रखता हूँ। मैं तो ईश्वर का एक निमित्त, गुरु का शिष्य और आप सभी का दास बनकर इस योग-सेवा को जन–जन तक पहुँचाने का प्रयास कर रहा हूँ। आज माता–पिता पूजन दिवस पर सैकड़ों माता–पिता का पूजन करने का सौभाग्य मिला—यह श्रेय मेरे अपने माता–पिता को जाता है, जिन्होंने मुझे ऐसे संस्कार दिए।”
योगी धर्मेश्वर ने आगे बताया कि 14 फरवरी, जिसे समाज का एक वर्ग वेलेंटाइन डे के रूप में मनाता है, उसी दिन ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है तथा इस पावन दिवस को माता–पिता पूजन के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “हमें अन्य संस्कृतियों का सम्मान करना चाहिए, पर अपनी संस्कृति और संस्कारों को भूलना नहीं चाहिए। आज आवश्यकता है ‘रील’ नहीं, ‘रियल’ जीवन में माता–पिता के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद लेने की।”
कार्यक्रम में जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी, शोभा पांडे, तरुणा चेतनानी, रंजना गौड़, सपना गुप्ता, प्रेम चौरसिया, किरण अग्रवाल, सरिता, परी, मुखिया, ऊषा, ज्योति, सीमा स्याल, शिला गुप्ता, डॉ रामाज्ञा, संतोष, हरेंद्र, ममता, संगीता, तराधार दुबे सहित सैकड़ों मातृ एवं पितृ शक्तियों की सहभागिता रही। सभी ने पूजन में भाग लेकर अपने आशीर्वाद साझा किए और कार्यक्रम की सराहना की।
