राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद द्वारा फलाहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं में वितरित किया गया फल प्रसाद।

 

               फलाहार कार्यक्रम में बोलते दुर्गेश मिश्र

गोरखपुर। नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्रि के पावन प्रथम दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद, जिला इकाई गोरखपुर के तत्वावधान में जिला कार्यालय मेडिकल रोड पर भक्ति एवं सेवा भाव से ओत-प्रोत फलाहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भगवती के विधिवत पूजन-अर्चन एवं मंत्रोच्चार के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं, पत्रकारों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी ने की, जबकि संचालन का दायित्व पत्रकार विनोद कुमार तिवारी ने कुशलतापूर्वक निभाया। अपने संबोधन में जिला प्रभारी दुर्गेश मिश्र ने कहा कि मां जगदंबा की असीम कृपा से ही इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा यह एक छोटा सा प्रयास है, जिसके माध्यम से मां के भक्तों के बीच प्रसाद वितरण कर सेवा का संकल्प लिया गया है। भविष्य में भी परिषद समाजहित में ऐसे आयोजन करती रहेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर त्र्यंबक पांडे ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। वहीं पत्रकार विनोद कुमार तिवारी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, भक्ति और आत्मशुद्धि का प्रतीक है, जिसे सभी को श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ मनाना चाहिए।

महिला प्रकोष्ठ प्रभारी रंजना मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता और सद्भावना को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में विभा मिश्रा, राजेश राजभर, जितेंद्र मिश्र सहित दर्जनों पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post