*आनंद पूर्णिमा पर गोरखपुर में भक्ति और सेवा का संगम, 22 लोगों ने किया रक्तदान*

 

                 आनंद पूर्णिमा उत्सव बड़े श्रद्धा और 

                      उत्साह के साथ मनाया गया। 

गोरखपुर। आनंद मार्ग प्रचारक संघ द्वारा बेतियाहाता स्थित आश्रम में आनंद पूर्णिमा उत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुदेव श्री श्री आनंदमूर्ति जी का जन्मोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें भक्ति, साधना और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

उत्सव की शुरुआत एक दिन पूर्व सायंकाल तीन घंटे के “बाबा नाम केवलम” अखंड कीर्तन से हुई। इसके साथ ही आरयू क्लब (रेनेंशा यूनिवर्सल क्लब) द्वारा “सद्गुरु के रूप में श्री श्री आनंदमूर्ति जी” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उनके विचारों और दर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई।

आनंद पूर्णिमा के दिन प्रातः 6:07 बजे साधना और कीर्तन के पश्चात जयघोष के साथ जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में 22 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त नारायण सेवा कार्यक्रम के तहत जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान किया गया।

गोरखपुर के भुक्ति प्रधान संजय श्रीवास्तव ने कहा कि गुरुदेव द्वारा समाज के प्रत्येक व्यक्ति के मानसिक, आध्यात्मिक और शारीरिक उत्थान के लिए जो मार्गदर्शन दिया गया है, उसका अनुसरण करने से निश्चित ही जीवन के हर क्षेत्र में उन्नति संभव है। लोगों को संबोधित करते हुए मेजर साकेत ने गुरु की महिमा और उपयोगिता को समझाया।

इस अवसर पर आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फिल्टर वाटर मशीन एवं वाटर कूलर का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण और सेवा भाव ने सभी को भावविभोर कर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post