मुकेश साहनी के जन्मदिन पर लगेगा दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य कैंप।

    पूर्व डॉ सत्या पांडे जी पूर्व मेयर गोरखपुर एवं दिव्य                           ज्योति जाग्रति संस्थान से 
             स्वामी अर्जुनानंद प्रतीक चिन्ह देते हुए।

पंचकर्म द्वारा आंख, कान, नाक, मुंह एवं गले का सफल उपचार सिखाएंगे — योगी धर्मेश्वर

गोरखपुर। ओम फिटनेस योग संस्थान के सक्रिय कार्यकर्ता एवं योग साधक मुकेश साहनी के जन्मदिन के अवसर पर 19 एवं 20 मई को सुबह 4 बजे से सुबह 8 बजे तक गोरखपुर के विभिन्न पार्कों में दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य एवं थेरेपी कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर योगी धर्मेश्वर द्वारा पंचकर्म पद्धति के माध्यम से आंख, कान, नाक, मुंह एवं गले से संबंधित समस्याओं के सफल उपचार एवं थेरेपी की जानकारी दी जाएगी तथा लोगों को इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। योगी धर्मेश्वर ने बताया कि मुकेश साहनी एक साधारण परिवार से आने वाले मेहनतकश व्यक्ति हैं, जो पेशे से रेफ्रिजरेटर मिस्त्री हैं। पहले उनका पूरा दिन मशीनों को ठीक करने में बीतता था और देर रात तक काम करने के कारण सुबह 9 बजे तक सोया करते थे। गैस, मोटापा एवं पेट निकलने जैसी समस्याओं से परेशान रहते थे। नौका विहार में एक योग नुक्कड़ कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात ओम फिटनेस योग संस्थान के गुरुजी से हुई, जिसके बाद उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन आया। नियमित योग अभ्यास एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने से मात्र दो माह में उनका वजन कम हुआ, पेट घटा और गैस की समस्या जड़ से समाप्त हो गई। अब वे सुबह 4 बजे उठकर नियमित योग करते हैं। पहले पेट निकलने के कारण टी-शर्ट पहनने में संकोच करते थे, लेकिन आज योग से फिट होकर आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रहे हैं।

गुरुजी ने उनकी लगन एवं ऊर्जा को देखकर उन्हें योग अभ्यासों की बारीकियां सिखाईं तथा मंच पर अभ्यास कराने का अवसर दिया। धीरे-धीरे वे पूर्ण अभ्यास कराने लगे और बाद में उन्हें गोरखपुर के विभिन्न पार्कों में योग क्लास संचालित करने की अनुमति प्रदान की गई। आज वे नियमित रूप से कई पार्कों में ओम फिटनेस योग संस्थान का बैनर लगाकर लोगों को योग सिखा रहे हैं तथा संस्थान के प्रत्येक सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। योग के प्रभाव से 12 वर्षों तक शिक्षा से दूर रहने के बाद भी मुकेश साहनी ने पुनः पढ़ाई शुरू की और गोरखपुर विश्वविद्यालय से योग से एम.ए. उत्तीर्ण किया। आज वे घर एवं पार्कों में नियमित योग करते हुए समाज को आरोग्य जीवन का संदेश दे रहे हैं। योगी धर्मेश्वर ने कहा कि ओम फिटनेस योग संस्थान का उद्देश्य ऐसे हजारों मुकेश तैयार करना है, जो सामान्य परिवार एवं सामान्य कार्य से जुड़े होने के बावजूद योग के माध्यम से स्वयं को आरोग्य बनाए और समाज को भी स्वस्थ बनाने का कार्य करें। यह दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य कैंप महंत दिग्विजयनाथ पार्क नौका विहार, नगर निगम लक्ष्मीबाई पार्क, विंध्यवासिनी पार्क मोहद्दीपुर, अंध विद्यालय एवं लालडिग्गी पार्क में आयोजित किया जाएगा, जहां आमजन को निशुल्क थेरेपी एवं योग संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। संस्थान ने अधिक से अधिक लोगों से इस स्वास्थ्य अभियान में शामिल होकर लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post