पौध रोपण करते डॉक्टर राजेश कुमार जी
कौड़ीराम गोरखपुर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के उद्देश्य से 35 करोड़ पौधारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत गोरखपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार झा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कौड़ीराम परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार झा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माँ के सम्मान में कम-से-कम एक पौधा लगाने, उसकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार वर्मा, डॉ किरन वर्मा, वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ0 विनय श्रीवास्तव सहित चिकित्सकों, स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। सभी ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर रवि प्रकाश राय, दुर्बल मौर्य, स्वरूप, रवि कुमार, समीर खां, तृप्ति गौतम, माधुरी गुप्ता, सबिता देवी, राजनंदनी तिवारी, नेहा कुशवाहा, विवेक प्रजापति, अरुण कुमार गुप्ता, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।
