*•विशाल कलश यात्रा के साथ 26 नवंबर से शुरू होगा महायज्ञ।*
*•11 हजार महिलाएं निकालेंगी कलश यात्रा।*
*•आयोजन की भव्यता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना किया।*
बाराबंकी। स्थानीय पल्हरी चौराहा स्थित जेब्रा पार्क में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में आयोजित चार दिवसीय 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं शक्ति संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ 26 नवंबर बुधवार से विशाल कलश यात्रा के साथ होगा। आयोजन से संबंधित समस्त तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। संपूर्ण जेब्रा पार्क परिसर बासंती रंग में सराबोर हो गया है।
उक्त जानकारी देते हुए गायत्री शक्तिपीठ के जिला समन्वयक ए०पी० शर्मा एवं सह-समन्वयक सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि आयोजन को संपन्न कराने के लिए जनपद के सभी विकासखण्डों के ब्लॉक संयोजकों,प्रज्ञा मंडल एवं महिला मंडल के संचालकों,समय दानी कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। यज्ञशाला, संस्कारशाला,देवमंच, प्रवचन पाण्डाल ,साहित्य स्टाल, प्रखर प्रज्ञा-सजल श्रद्धा स्मारक के निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है। भोजनालय, सुरक्षा आवास, देवपूजन अनुदान काउंटर स्थापित हो गया है। आयोजन के संबंध में मीडिया प्रभारी उमाकान्त बाजपेयी एवं डॉक्टर संजय तिवारी ने बताया कि 11 हजार महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा चार स्थानों से निकलेगी जिसमें गायत्री शक्तिपीठ से दोपहर 12:00 देवा, निंदूरा, फतेहपुर, लखनऊ से आने वाली महिलाओं का नेतृत्व होगा।दूसरी कलश यात्रा नागेश्वर नाथ मंदिर से निकाली जाएगी जिसमें रामनगर, मसौली, बनीकोडर, दरियाबाद टिकैतनगर की महिलाएं शामिल रहेंगी।तीसरी कलश यात्रा गायत्री प्रज्ञा पीठ आजाद नगर बाराबंकी से शुरू होगी जिसमें शहर की माताएं-बहने हिस्सा लेंगी। चौथी कलश यात्रा श्री राम कॉलोनी पार्क से निकलेगी, जिसमें हरख,सिद्धौर, हैदरगढ़, त्रिवेदीगंज और बड़ेल क्षेत्र की महिलाएं शामिल होगी। समस्त कलश यात्राओं के प्रभारी भी मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं।उक्त कलश यात्रा ऐतिहासिक व अवर्णनीय होगी।
आयोजन के मीडिया प्रभारी उमाकान्त बाजपेयी ने बताया कि उक्त कलश यात्रा में महापुरुषों की झाँकियाँ व शक्तिकलश विशेष रूप से आकर्षण होगा।कीर्तन भजन के कलाकारों की सांस्कृतिक टीमें कलश यात्रा में आध्यात्मिक वातावरण उत्पन्न करेंगी।सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन ने पर्याप्त इंतजाम किया है। कलश यात्रा के साथ विशाल गायत्री महायज्ञ का आगाज हो जाएगा।कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने दल बल के साथ आयोजन स्थल का मुआयना करके हर संभव सहयोग करने का आश्वाशन दिया।
*उमाकान्त बाजपेयी*
*मीडिया प्रभारी*
