ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा बाल दिवस पर विभिन्न खेलों के माध्यम से योग साधकों को किया उत्साहित व आनंदित- धर्मेंद्र योगी ।

गोरखपुर, बाल दिवस के अवसर पर सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट ओम फिटनेस योग संस्थान द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख पार्कों — महंत दिग्विजयनाथ पार्क, लाल दिग्गी, नेहरू पार्क, लक्ष्मीबाई पार्क, नगर निगम विंध्यवासिनी पार्क, मोहद्दीपुर, अंबेडकर पार्क, तारामंडल आदि — में निःशुल्क योग एवं खेल-गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। योग अभ्यास के उपरांत सभी आयु वर्ग के साधकों को कबड्डी, रस्साकशी एवं कई मनोरंजक खेल खेलाए गए, जिनमें छोटे बच्चों से लेकर दादी–नानी, माता-बहनों तक ने बड़ी उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों में शामिल होकर सभी के चेहरे पर बाल दिवस जैसी निष्कलंक मुस्कान देखने को मिली।

योगाचार्य धर्मेंद्र प्रजापति ने बताया कि—

“बाल दिवस हमें यह संदेश देता है कि जीवनभर अपने भीतर के बच्चे को जीवित रखना चाहिए। जब हम भीतर से प्रसन्न रहते हैं, तो मानसिक तनाव कम होता है और जीवन ऊर्जा से भर जाता है। ओम फिटनेस योग संस्थान इसी उद्देश्य से निःशुल्क योग एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने का कार्य कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि आज के कार्यक्रम में कबड्डी और अन्य पारंपरिक खेलों के माध्यम से बुजुर्गों एवं महिलाओं को फिर से बचपन जैसी खुशी का अनुभव कराया गया। बढ़ती उम्र में भी खेल और योग के द्वारा मन को हल्का व तनावमुक्त रखने का संदेश दिया गया। संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य है— मानसिक तनाव को दूर करना, समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, योग व खेलों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल बनाना। ओम फिटनेस योग संस्थान आगे भी समाज में निःशुल्क स्वास्थ्य गतिविधियों व योग शिविरों की श्रृंखला जारी रखेगा।

इस अवसर पर महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी, शोभा पांडे, सपना गुप्ता, प्रेम चौरसिया, रंजना गौड़, तरुणा चेतनानी, संजय गौड़, सोहन, आर एन श्रीवास्तव, आरिफ, संतलाल, ज्योति, किरण, शीला, मीनू, गीता, पूनम, सूर्यमणि, माधुरी आदि सम्मिलित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post