छोटे समाचार पत्रों को मजबूत बनाने पर जोर, आइसना की बैठक में संगठन विस्तार व पत्रकार हितों पर हुई चर्चा।

 

            आईसना के पदाधिकाई एवं पत्रकार गण

गोरखपुर। ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन “आइसना” की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सूचना भवन (प्रेस क्लब), शास्त्री चौक स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, छोटे एवं मझोले समाचार पत्रों से जुड़े प्रकाशकों और संपादकों को एकजुट करने तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों को जागरूक करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता डॉ. मुमताज खान ने की, जबकि संचालन डॉ. जवाहर लाल निगम ने किया। 

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने छोटे समाचार पत्रों के समक्ष आने वाली चुनौतियों, पत्रकार हितों और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

बैठक को संबोधित करते हुए गोरखपुर इकाई के अध्यक्ष उमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि जनपद एवं मंडल क्षेत्र में बड़ी संख्या में छोटे समाचार पत्र प्रकाशित हो रहे हैं, लेकिन संगठनात्मक बैठकों में सदस्यों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रहती है। उन्होंने कहा कि संस्था को मजबूत बनाने के लिए सदस्यों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। इसके लिए संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल विभिन्न प्रकाशकों एवं संपादकों से संपर्क कर उन्हें संस्था से जोड़ने और संगठन की गतिविधियों के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगा।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मुमताज खान ने कहा कि संस्था से जुड़े सदस्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी के सहयोग से पत्रकारों का एक्सीडेंटल बीमा कराने की योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके सामाजिक हितों की रक्षा संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक का संचालन कर रहे डॉ. जवाहर लाल निगम ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को अध्ययनशील प्रवृत्ति अपनाते हुए निष्पक्ष, स्वस्थ और सकारात्मक पत्रकारिता करनी चाहिए।

बैठक के अंत में अध्यक्ष उमेश चंद्र मिश्र ने उपस्थित सभी प्रकाशकों, संपादकों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैठक को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए सहायक सूचना निदेशक प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक में डॉ. मुमताज खान, उमेश चंद्र मिश्र, डॉ. जवाहर लाल निगम, सूर्य प्रकाश गुप्ता , डॉ. सतीश चंद्र शुक्ला, रवि प्रकाश गुप्ता, अरुण कुमार मिश्रा, सूर्य प्रकाश गुप्ता, अकील अहमद , सतीश कुमार पांडेय , पंचानन पांडेय , कमलेश मणि तिवारी, महेश्वर शुक्ला सहित अनेक प्रकाशक, संपादक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post