कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा ,
और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब द्वारा आयोजित "प्रेस से मिलिए" कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शहर के विकास, कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पत्रकारों के सवालों का विस्तार से जवाब दिया। कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गोरखपुर तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जीटी रोड विस्तार, नाला निर्माण, विरासत गलियारा, सहजनवा पुल, चिलुआताल विकास और बिंदुवासिनी पार्क जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शहर की तस्वीर बदलने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कानून व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग के क्षेत्र में पुलिस की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों का धन वापस दिलाने में पुलिस को सफलता मिली है। साथ ही बीट सिस्टम को मजबूत करने और नई पुलिस फोर्स की तैनाती पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने चोरी, सड़क एवं स्ट्रीट लाइट की समस्याएं, अवैध खनन, ट्रैफिक जाम, पुलिस पिकेट की कमी और अवैध स्टैंड जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। अधिकारियों ने सभी सवालों का बेबाकी से जवाब देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने अतिथियों, पत्रकारों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह कार्यक्रम प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद तथा जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का प्रभावी मंच साबित हुआ।
