सेवरही। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सेवरही स्थित ब्याहुत जायसवाल धर्मशाला में पतंजलि परिवार द्वारा आयोजित योग महोत्सव एवं योग शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओम फिटनेस योग संस्थान के संस्थापक धर्मेंद्र प्रजापति उपस्थित रहे। अपने संबोधन में धर्मेंद्र प्रजापति ने कहा कि योग का उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली को अपनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार और आयुष मंत्रालय द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने का जो अभियान चलाया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। हम सभी का दायित्व है कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर वर्ष के 365 दिनों की दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया। साथ ही विशेष योगाभ्यास, आयुर्वेदिक जीवनशैली तथा प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। योगाभ्यास के माध्यम से उपस्थित लोगों में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। योगाचार्य धर्मेंद्र प्रजापति ने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है। यह भारत की प्राचीन संस्कृति और योग परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा योग को विश्व पटल पर स्थापित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे देश के लिए गौरव का विषय बताया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को निशुल्क ग्रीन जूस वितरित किया गया। योगी धर्मेश्वर ने आयोजन समिति एवं पतंजलि परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग ही स्वस्थ, निरोग एवं खुशहाल जीवन की कुंजी है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन गुरु शरण जी द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
